रामपुर : कोरोना कर्फ्यू के चलते इस बार ईद भी सादगी से मनाई गई। शहर की ईदगाह में नमाज नहीं हुई। मस्जिदों में केवल पांच-पांच लोगों ने ही नमाज पढ़ी। लोगों ने अपने घरों में ही सादगी से ईद मनाई। कोरोना महामारी के कारण सरकार ने कोरोना कर्फ्यू लगा रखा है। इस कारण लोग घरों से भी नहीं निकल पा रहे हैं। शुक्रवार को ईद का त्योहार भी सादगी से मनाया गया। ईदगाह में नमाज नहीं हुई। शहर की जामा मस्जिद में भी केवल पांच लोगों ने ही नमाज पढ़ी। मौलवी नासिर खां ने नमाज पढ़ाई जबकि जुमे की नमाज मौलवी फैजान खां ने पढ़ाई और कोरोना से निजात के लिए दुआ मांगी। उन्होंने कोविड गाइड लाइन का अनुपालन करने पर भी जोर दिया। दूसरी मस्जिदों में भी ईद और जुमे की नमाज पांच-पांच लोगों ने ही पढ़ी। तमाम मुसलमानों ने नए लिवास पहनकर घरों पर ही सादगी से ईद मनाई। हाथ मिलाने और गले मिलने से भी परहेज किया। शारीरिक दूरी बनाए रखते हुए एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। हालांकि, इंटरनेट मीडिया और फोन के जरिये लोग दिनभर मुबारकबाद देते रहे। बच्चों ने भी घरों पर रहकर ही ईद मनाई। अपनी पसंद के पकवान बनवाए। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अफसर भी शहर में भ्रमण करते रहे। पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट रामजी मिश्रा, सीओ सिटी विद्या किशोर ने शहर का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। लोगों से कोविड गाइड लाइन का अनुपालन करने की अपील की। कोरोना से विश्व को शीघ्र मुक्ति दिलाने की मांगी दुआ
रामपुर : उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की शुक्रवार को कार्यालय पर बैठक हुई। इस दौरान सभी ने एक दूसरे को ईद की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही जनपद में कोरोना संक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए शीघ्र ही जनपद में 18 साल से ऊपर के लोगों को भी वैक्सीन लगवाने की मांग की। इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने कहा कि जनपद में कोरोना का संक्रमण काफी तेजी से फैल रहा है। जनपद में अब तक कई लोगों की कोरोना के कारण मौत भी हो चुकी है। इसके चलते लोगों में कोरोना का खौफ बना हुआ है। प्रदेश के कुछ जिलों में कोरोना की रोकथाम के लिए 18 साल से ऊपर के लोगों को वैक्सीन लगना शुरू हो गई है, मगर जनपद में अभी इसकी शुरुआत नहीं हो सकी है। कोरोना से बचाव के लिए लोग मास्क लगा रहे हैं और शारीरिक दूरी के नियमों का भी पालन कर रहे हैं। इसके बावजूद जरा सी चूक होने पर लोग कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए जनपद में शीघ्र से शीघ्र कोरोना की वैक्सीन लगवाई जाए। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जल्द से जल्द 18 साल से ऊपर के लोगों को भी वैक्सीन लगवाने की मांग की।
रामपुर : जिले में कोरोना वायरस का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में संक्रमित मिल रहे हैं। पंचायत चुनाव के दौरान तो संक्रमण बेकाबू हो गया था। पहले जहां संक्रमितों की संख्या 300 तक पहुंच रही थी, वहीं पंचायत चुनाव के दौरान एक-एक दिन में 400 से अधिक लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ रहे थे। इसके चलते कोरोना संक्रमण की दर भी बढ़कर सात फीसद से भी ऊपर पहुंच गई थी। जिले में पंचायत चुनाव के लिए 15 अप्रैल को मतदान हुआ था। दो मई को मतगणना हुई, जो करीब तीन दिन तक चली। चुनाव के दौरान कोविड प्रोटोकाल की खूब धज्जियां उड़ीं, जिससे हालात बेकाबू हो गए थे। कोरोना संक्रमण के सबसे ज्यादा मरीज गांवों में मिलने लगे। 29 अप्रैल को 390, पहली मई को 420 और सात मई को 421 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई। इसके अलावा रोजाना संक्रमितों का आंकड़ा 200 से 300 के बीच रहा। इस एक माह में लापरवाही के चलते कोरोना संक्रमण दर भी बढ़ गई।